मानसून की पहली बारिश में जलमग्न हुआ सफीपुर, सड़कों पर जाम जैसी स्थिति

0
50

उन्नाव।मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर पंचायत की तैयारियों की पोल खोल दी। सोमवार सुबह हुई बारिश के बाद सफीपुर कस्बे के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। परियार मार्ग पर सल्ले चौराहे से बाया तालाब तक सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहता नजर आया, जिससे लोगों में नगर पंचायत की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी दिखाई दी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले नालों और नालियों की सफाई का दावा किया गया था, लेकिन अधिकांश स्थानों पर सफाई अधूरी रहने के कारण जल निकासी बाधित हो गई। लोगों ने आरोप लगाया कि समय रहते प्रभावी सफाई कार्य नहीं कराया गया, जिसका खामियाजा पहली ही बारिश में नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।वहीं, नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी विनीत श्रीवास्तव ने बताया कि नगर के सभी नालों की डोर-टू-डोर सफाई कराई गई है। यदि कहीं जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है तो उसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। नगरवासियों ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि आगामी बारिश के दौरान लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here