गंगा के बढ़ते जलस्तर से प्रशासन हाई अलर्ट: डीएम घनश्याम मीणा ने दबौली पहुंचकर संभाली कमान, काली मिट्टी–शिवराजपुर मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण

0
45

उन्नाव।गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। हालात का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी घनश्याम मीणा स्वयं प्रशासनिक अमले के साथ फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के दबौली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने काली मिट्टी–शिवराजपुर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और संभावित खतरे का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, गंगा के बढ़ते जलस्तर और आसपास के गांवों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्र में लोगों का भरोसा बढ़ा है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि बांगरमऊ विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर चौरासी समेत गंगा किनारे बसे गांवों में किसी भी संभावित संकट से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here