उन्नाव।हरदोई जनपद के मल्लावां क्षेत्र में 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवनिर्मित गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कार्यक्रम में भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए निर्धारित मार्गों का पालन करने को कहा है। ताकि किसी प्रकार की असुविधा या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। बेहटा मुजावर पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बिल्हौर की ओर से हरदोई जाने वाले सभी वाहनों को बांगरमऊ नगर के कल्याणी नदी तिराहा से लखनऊ चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं उन्नाव से हरदोई की ओर जाने वाले वाहनों को लखनऊ चौराहा से मियागंज की ओर मोड़ा जाएगा। इसके अलावा बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में स्थित गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास से हरदोई की ओर जाने वाले सभी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। बेहटा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। जिससे कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।




