हीट स्ट्रोक से बचाव को लेकर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ अशोक वर्मा ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

0
11

उन्नाव।बांगरमऊ नगर में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अशोक वर्मा ने बढ़ती गर्मी और हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए आम जनता के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी है। डॉ. वर्मा ने बताया कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे हीट स्ट्रोक के मामले भी सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि हीट स्ट्रोक एक गंभीर स्थिति है, जिसमें शरीर का तापमान अचानक बढ़ जाता है और व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो सिर को ढककर रखें और हल्के, ढीले तथा सूती कपड़े पहनें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। डॉ. वर्मा ने यह भी बताया कि गर्मी के मौसम में अधिक पसीना आने से शरीर में पानी और नमक की कमी हो जाती है, जिससे चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत छांव में आराम करें और ओआरएस या नींबू पानी का सेवन करें। उन्होंने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही, खुले में काम करने वाले मजदूरों को समय-समय पर आराम करने और पानी पीने की हिदायत दी। अंत में डॉ. अशोक वर्मा ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, बेहोशी या लगातार उल्टी जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित इलाज मिल सके। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगों से अपील की गई है कि वे गर्मी के मौसम में सावधानी बरतें और अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here