उन्नाव।भीषण गर्मी के चलते निराश्रित जीव-जंतुओं के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। इस समस्या को लेकर बांगरमऊ नगर के मोहल्ला चौघड़ा निवासी प्रमुख समाजसेवी चंद्रकांती यादव ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के अधिकांश तालाब और पोखर सूख चुके हैं। जिससे पशु-पक्षियों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
पत्र में उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सूखे पड़े तालाबों और पोखरों में शीघ्र शुद्ध जल भरवाया जाए। ताकि जीव-जंतुओं को राहत मिल सके। इसके साथ ही नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों तथा गौशालाओं के आसपास पक्के हौज बनवाकर नियमित रूप से स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। समाजसेवी चंद्रकांती यादव ने कहा कि भीषण गर्मी में जल संकट केवल इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि बेजुबान जीवों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल ठोस कदम उठाने की अपील की है। ताकि समय रहते इस समस्या का समाधान हो सके और पशु-पक्षियों की जान बचाई जा सके।
देखे फोटो।





