गौरिया के छात्र की संदिग्ध मौत: पुलिस ने शुरू की गहन जांच, पोस्टमार्टम की होगी वीडियोग्राफी

0
14

सरसौल,कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के गौरिया गांव निवासी 11 वर्षीय दिव्यांश उर्फ दीपू की लखनऊ स्थित गुरुकुल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत पर मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

क्या है मामला
दिव्यांश 15 अप्रैल को लखनऊ के रानानुज भागवत वेद विद्या गुरुकुल में पढ़ने गया था। बुधवार को गुरुकुल संचालक ने तबीयत खराब होने की सूचना देकर दिव्यांश को घर भिजवाया। परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान की बात कही है।

प्रशासन सतर्क, कार्रवाई शुरू
सूचना मिलते ही एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा और एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

एडीसीपी अंजली विश्वकर्मा ने बताया, “मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम पैनल और वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा। जांच के लिए विशेष टीम बना दी गई है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई होगी।”

परिवार को न्याय का भरोसा
पिता नरेंद्र द्विवेदी और मां नीरज द्विवेदी का रो-रोकर बुरा हाल है। दिव्यांश परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में पारदर्शिता बरती जाएगी और हर पहलू की बारीकी से पड़ताल होगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here