उन्नाव।वर्षों से गंगा किनारे प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण 40 किलोमीटर दूर स्थानांतरित किए जाने से नाराज “कटरी बचाओ अभियान” के नेतृत्वकर्ता हाईकोर्ट के अधिवक्ता संजीव त्रिवेदी ने इस मामले से संबंधित ज्ञापन मल्लावां में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपने का ऐलान किया था। इस मामले की भनक लगते ही मंगलवार को बांगरमऊ कोतवाली पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने उनके घर के बाहर कड़ा पहरा लगा दिया और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई और समर्थकों में रोष देखने को मिला। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय स्थिति उत्पन्न न हो।
वहीं, घर में नजरबंद अधिवक्ता संजीव त्रिवेदी ने प्रशासन की इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि कटरी क्षेत्र के निवासियों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है और उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जितनी हमारी आवाज दबाई जाएगी, आंदोलन उतना ही तेज होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ संजीव को रोकने के लिए नहीं ,बल्कि पूरे कटरी क्षेत्र की आवाज को कुचलने की साजिश है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या लोकतंत्र में अब सवाल पूछना भी अपराध हो गया है ? क्या बाढ़ में डूबते लोगों के लिए न्याय मांगना भी गुनाह है ? उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा की याद रखिए ! आवाजों को दीवारों में कैद नहीं किया जा सकता। कटरी का हक छीना गया है और अब यह लड़ाई हर घर की लड़ाई बनेगी। हम रुकेंगे नहीं, हम झुकेगे नहीं। कटरी बोलेगा -पूरा प्रदेश सुनेगा।
फिलहाल, पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।
नजरबंदी के दौरान गंगा कटरी क्षेत्र के विकास को लेकर एडवोकेट संजीव त्रिवेदी ने अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य केवल कटरी क्षेत्र की तरक्की सुनिश्चित करना है। इस संबंध में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन देकर अवगत कराना चाहते थे कि यदि केंद्र और प्रदेश सरकारें वास्तव में किसानों की हितैषी हैं, तो अब गंगा किनारे आगरा एक्सप्रेसवे से परियर तक कम से कम चार लेन का मजबूत बंधा बनाए। जिसका नाम किसान पथ रखा जाए। श्री
त्रिवेदी ने कहा कि इस बंधे के निर्माण से कटरी क्षेत्र के लोगों को हर वर्ष आने वाली बाढ़ से राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और यहां के निवासी मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। उन्होंने इसे किसानों और स्थानीय लोगों के लिए जीवनरेखा बताया। ज्ञापन में पिछड़ा वर्ग के जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र पाल, शिक्षक सभा के प्रदेश सचिव राजीव यादव सहित राम सेवक यादव, मनोज बाजपेई, संतोष यादव, प्रिंस शुक्ला, सुरेश कुमार, रामनाथ गौतम, राजू शर्मा, निर्मित शुक्ला, राजीव कुमार, अवधेश कुमार, सतीश और कौशल के हस्ताक्षर शामिल हैं।
हाउस अरेस्ट के दौरान कस्बा चौकी इंचार्ज न्यूटन सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।




