कानपुर। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बनियापुरवा इलाके में शनिवार रात नौटंकी कार्यक्रम के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जिसमें दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। बनियापुरवा में हर वर्ष की तरह इस बार भी नौटंकी का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ मौजूद थी। इसी बीच किसी बात को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने एक ग्रामीण के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक का सिर फटने के बाद उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद गंगा कटरी क्षेत्र के मल्लाह समुदाय और अन्य ग्रामीण एकजुट हो गए और उन्होंने पुलिस टीम को घेर लिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर खेतों की ओर भागना पड़ा। हालांकि, भीड़ ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। इस हमले में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।
Home CHIEF CORRESPONDENT VAIBHAV GUPTA नौटंकी के दौरान पुलिस-ग्रामीणों में खूनी संघर्ष, दो सिपाही घायल




