सरसौल,कानपुर।महाराजपुर थाना क्षेत्र में रूमा हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे 34 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन रामचंद्र वर्मा को तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि रामचंद्र करीब 7-8 फीट तक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोटों के चलते उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक रामचंद्र वर्मा रूमा गांव के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी रीना और दो बच्चे—रूद्र व त्रिशा हैं। परिजनों ने बताया कि रामचंद्र शनिवार को गांव में बाराद्वारी मंदिर में लगे मेले में शामिल होने आए थे। देर रात करीब 12:30 बजे वह हाईवे पार कर घर लौट रहे थे, तभी प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश सिंह के अनुसार आरोपी चालक की तलाश जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बोलेरो का नंबर ट्रेस कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।




