कल्याणपुर में आश्रम पर चला बुलडोजर, संत समाज में आक्रोश

0
48

कानपुर। कल्याणपुर स्थित मां आशा देवी मंदिर परिसर में सोमवार को प्रशासन द्वारा बुलडोजर कार्रवाई किए जाने से विवाद खड़ा हो गया। कार्रवाई के दौरान आश्रम परिसर में बने साधु-संतों के आवासीय कक्ष, भंडारा स्थल और महिला श्रद्धालुओं के लिए निर्मित शौचालय को ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
मंदिर के महंत आशुतोष गिरी ने आरोप लगाया कि ध्वस्त किया गया हिस्सा मंदिर की आवश्यक गतिविधियों के लिए उपयोग में लाया जाता था। उनके अनुसार यहां पूजा सामग्री रखी जाती थी और दूर-दराज से आने वाले साधु-संतों के ठहरने की व्यवस्था थी। महंत ने यह भी दावा किया कि भूमि विवाद न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद कार्रवाई की गई। महंत ने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफियाओं की नजर लंबे समय से इस जमीन पर थी और उनके दबाव में प्रशासन ने कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि आश्रम परिसर में हर माह विशाल भंडारे का आयोजन होता था, जिससे साधु-संतों और जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाता था। प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में मंदिर के नाम दर्ज नहीं है और नोटिस सहित सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। घटना के बाद संत समाज और स्थानीय श्रद्धालुओं में नाराजगी है। संतों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार का विवाद था तो सभी पक्षों को सुनने के बाद ही कार्रवाई होनी चाहिए थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि भंडारा स्थल टूटने से गरीबों और साधु-संतों की सेवा व्यवस्था प्रभावित होगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here