सरसौल,कानपुर। महाराजपुर विकास खंड स्थित,ड्योढ़ी गंगा घाट पर रविवार को ‘गंगा की पुकार-युवा संकल्प’ कार्यक्रम में युवाओं का जोश देखने लायक था। स्वामी विवेकानंद युवा समिति के अध्यक्ष विकास सिंह भोले के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जल पुरुष और मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित राजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
जल संकट पर जताई चिंता।
राजेंद्र सिंह ने कहा, “अगर अभी पानी बचाने के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को भीषण जल संकट झेलना पड़ेगा।” उन्होंने लोगों से व्यक्तिगत स्तर पर पानी की बचत करने और गंगा को स्वच्छ-अविरल बनाए रखने की जिम्मेदारी उठाने का आह्वान किया। राजेंद्र सिंह ने चिंता जताई कि आज धरती, प्रकृति, संस्कृति और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यापारिक दृष्टिकोण हावी हो रहा है, जबकि शिक्षा को ‘विद्या’ के रूप में विकसित करना जरूरी है।
नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश।
कार्यक्रम में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।
कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय, एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा सहित भारी पुलिस बल और यातायात पुलिस मौजूद रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जल संरक्षण और गंगा स्वच्छता के प्रति संवेदनशील बनाना था, जिसमें आयोजक पूरी तरह सफल रहे।
देखे फोटो।





