उन्नाव।बांगरमऊ के पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इजहार खान ‘गुड्डू’ ने अपने आवास पर शासन द्वारा मनोनीत सभासदों का सम्मान समारोह आयोजित कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी सभासदों को माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया।
इस सम्मान समारोह के मौके पर श्री खान ने नवमनोनीत सभासदों से अपेक्षा जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करें। उन्होंने कहा कि नगर को साफ-सुथरा रखना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभानी होगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनका समाधान कराने की अपील की।
इस दौरान मनोनीत सभासद विमल चंद्र शुक्ला, अवधेश गुप्ता तूफानी और बबलू पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वे जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करेंगे और नगर के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। सभासदों ने भरोसा दिलाया कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को गति देंगे और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और नगर के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।




