भिण्ड, मध्यप्रदेश।अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिण्ड में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज मिट्टी एवं गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त 5 डंपर जब्त किए हैं।
कार्रवाई प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा भिण्ड पंकज ध्वज मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित थाना क्षेत्रों गोहद, झांकरी एवं मेहगांव में खड़ा कराया गया है। इन वाहनों पर म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन, भंडारण एवं व्यापार) नियम 2022 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित कर प्रकरण कलेक्टर न्यायालय को भेजा जाएगा।
इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई के तहत ग्राम सिलौली, तहसील गोरमी में अवैध खनिज उत्खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन को भी जब्त किया गया। यह कार्रवाई खनिज निरीक्षक श्री गणेश विश्वकर्मा एवं टीम द्वारा की गई। जब्त जेसीबी को पुलिस थाना गोरमी में सुरक्षार्थ रखा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




