मधुसूदनगढ़ में एग्रीकल्चर बेस्ड इंडस्ट्री की अपार संभावनाएं : कलेक्टर कन्याल

0
14

गुना मध्यप्रदेश। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि मधुसूदनगढ़ क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं और यहां एग्रीकल्चर बेस्ड इंडस्ट्री विकसित की जा सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। शनिवार को मधुसूदनगढ़ तहसील के प्रवास के दौरान कलेक्टर ने अमृतहरित महाअभियान में सहभागिता की, निर्माणाधीन नगर परिषद भवन का निरीक्षण किया और उन्नत कृषक के फार्म का भ्रमण किया।

कलेक्टर ने ओवरब्रिज के समीप सिंचाई विभाग की भूमि पर आयोजित अमृतहरित महाअभियान कार्यक्रम में सहभागिता कर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन नगर परिषद मधुसूदनगढ़ भवन का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को भवन का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्धारित समय-सीमा से पहले कार्य पूरा होना बेहतर उदाहरण होगा।

कलेक्टर श्री कन्याल ने उन्नत कृषक श्री गिरराज अग्रवाल के फार्म पहुंचकर थाईपिंग अमरूद के बगीचे का अवलोकन किया। उन्होंने किसान से अमरूद की उन्नत खेती और उससे होने वाली आय की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि थाईपिंग अमरूद की खेती से कई किसान 8 से 10 लाख रुपये तक की वार्षिक आय अर्जित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में हॉर्टीकल्चर के प्रति किसानों का अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है। खेती के पैटर्न में थोड़ा बदलाव कर किसान परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी और सब्जी उत्पादन से भी अच्छी आय प्राप्त कर सकते हैं। कुछ किसान केवल सब्जी उत्पादन से ही लगभग 5 लाख रुपये वार्षिक तक का लाभ अर्जित कर रहे हैं।

कलेक्टर ने कहा कि इस प्रकार की फसलों की विशेषता है कि इनके पौधे अपेक्षाकृत कम समय में विकसित हो जाते हैं। इन्हें व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से लगाने पर किसानों की आय में वृद्धि होगी। जिले में कई किसानों ने इस प्रकार के सफल मॉडल भी प्रस्तुत किए हैं।

इस दौरान एसडीएम राघौगढ़ श्री अमित सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here