गुना,मध्यप्रदेश। सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों के त्वरित निराकरण के मामले में गुना जिला एक बार फिर प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करते हुए टॉप जिलों में शामिल हो गया है। मार्च माह की रैंकिंग में जिले ने शिकायतों के प्रभावी निराकरण के आधार पर अग्रणी स्थान हासिल किया है। मार्च में जिले में कुल 7,523 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से करीब 85 प्रतिशत का समय-सीमा में समाधान किया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक जिले के 16 विभाग समूह ‘अ’ में टॉप-5 में रहे, जबकि 8 विभागों ने समूह ‘अ’ में पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा 23 विभागों को ‘ए’ ग्रेड और 4 विभागों को ‘बी’ ग्रेड मिला है।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों में खनिज, धार्मिक न्यास, मत्स्य, एमएसएमई, लोक निर्माण, खाद्य एवं आपूर्ति, राजस्व, स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, वाणिज्यिक कर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जल संसाधन, ऊर्जा, पीएचई, सामान्य प्रशासन और वित्त विभाग शामिल हैं।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि इसी तरह समन्वय बनाकर आगे भी कार्य करते रहें, ताकि शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण लगातार सुनिश्चित होता रहे।




