चमोली,उत्तराखंड।जनपद में फरार वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चमोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आईटी एक्ट और धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला अभियुक्ता को दक्षिण गोवा से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट पोखरी द्वारा फौजदारी वाद संख्या-23/2023 में धारा 420 आईपीसी व 66D आईटी एक्ट के तहत अभियुक्ता मारिया गोरेटी कारदोषी पुत्री कलेवडियो कारदोषी निवासी नवागुल्ली, थाना कोलवा, दक्षिण गोवा के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। अभियुक्ता काफी समय से गिरफ्तारी से बच रही थी।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर गोवा भेजी गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं स्थानीय सूचनाओं के आधार पर लगातार प्रयास करते हुए अभियुक्ता को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तारी के बाद महिला अभियुक्ता को चमोली लाया गया, जहां दिनांक 17 अप्रैल 2026 को उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




