रुद्रप्रयाग,उत्तराखंड।आगामी यात्रा सीजन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से केदारनाथ धाम में शनिवार को व्यापक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर के निर्देशन में मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।
मॉक ड्रिल में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS), जनपद पुलिस एवं लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) की टीमों ने भाग लिया।
अभ्यास के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को मजदूर के भेष में मंदिर क्षेत्र में नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हुए दिखाया गया। सुरक्षा में तैनात ATS टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को मौके पर ही जीवित गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया का अभ्यास किया।
अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में केदारनाथ धाम में ATS, जिला पुलिस, फायर सर्विस और संचार इकाइयों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। साथ ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान भी लगातार सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए हैं।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।




