उन्नाव।आज लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का सपना साकार हो गया। सोमवार को पुरवा विधानसभा क्षेत्र के बिछिया विकास खंड अन्तर्गत ग्राम झाऊं खेड़ा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के पहले बैरियर-लेस लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद सभी नेता इसी एक्सप्रेसवे से लखनऊ रवाना हुए और यह हाई-स्पीड कॉरिडोर आम जनता के लिए भी खोल दिया गया। सोमवार की दोपहर कार्यक्रम स्थल पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , डिप्टी सी एम ब्रजेश पाठक, यूं पी परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे परियोजना से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झाऊ खेड़ा स्थित रेस्ट एरिया के हेलिपैड पर हेलीकाप्टर से पहुंचे, जिले के सांसद साक्षी महाराज, कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, हरदोई सांसद जयप्रकाश रावत जिले की प्रभारी रजनी तिवारी समेत जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
करीब 63 किलोमीटर लंबा और 4,700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य की नई धुरी माना जा रहा है। इस परियोजना का बड़ा हिस्सा उन्नाव से होकर गुजरता है जिससे जिले की पहचान अब सिर्फ लखनऊ और कानपुर के बीच का पड़ाव नहीं, बल्कि विकास के कॉरिडोर के रूप में होगी।
अब तक लखनऊ और कानपुर के बीच सफर अक्सर ट्रैफिक जाम की वजह से ढाई से तीन घंटे तक खिंच जाता था। नए एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यही दूरी महज 40 मिनट में पूरी की जा सकेगी। अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वाहन दौड़ सकेंगे, जबकि सुरक्षा कारणों से दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
यह एक्सप्रेसवे तकनीक के मामले में भी देश के लिए मिसाल है। यहां पारंपरिक टोल प्लाजा नहीं होंगे। ANPR कैमरे और फास्टैग तकनीक के जरिए बिना वाहन रोके टोल अपने आप कट जाएगा। दुर्घटना या आपात स्थिति होने पर AI कैमरे तुरंत एनएचएआई कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेंगे, जिससे राहत कार्य में देरी नहीं होगी।
जहां एक्सप्रेसवे यात्रा को आसान बनाएगा, वहीं टोल शुल्क ने भी चर्चा छेड़ दी है। लखनऊ से कानपुर तक कार से सफर करने पर अब 275 रुपये टोल देना होगा, जबकि पुराने मार्ग पर यह शुल्क करीब 95 रुपये था। यानी समय और ईंधन की बचत होगी, लेकिन जेब पर अतिरिक्त भार भी पड़ेगा।
इस एक्सप्रेसवे से उन्नाव को सबसे बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। उद्योगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी, निवेश की नई संभावनाएं, लॉजिस्टिक्स में तेजी, रोजगार के अवसर और रियल एस्टेट को नई रफ्तार मिलने की संभावना है। लखनऊ और कानपुर के बीच स्थित उन्नाव अब सिर्फ भौगोलिक नहीं, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगा।
एक्सप्रेस वे उद्घाटन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती शकुन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी,सदर विधायक पंकज गुप्ता, पुरवा विधायक अनिल सिंह, बांगरमऊ विधायक श्री कान्त कटियार,भगवंत नगर विधायक आशुतोष शुक्ला, एम एल सी अरुण पाठक, सफीपुर विधायक बम्बा लाल दिवाकर, मोहान विधायक ब्रजेश रावत, विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल, विधायक, मानवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक पूनम शखवार, जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, एस एस पी जयप्रकाश सिंह सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




