अंकलेश्वर (भरूच)। भरूच जिला पत्रकार एकता परिषद का जिला अधिवेशन अंकलेश्वर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुजरात सरकार के मंत्री ईश्वरभाई पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रदेश, जोन, जिला एवं महिला विंग के पदाधिकारियों की मौजूदगी में तालुका पंचायत अंकलेश्वर के अध्यक्ष विवेकभाई भरडीवाला, अंकलेश्वर नगर पालिका के अध्यक्ष जिग्नेशभाई अंडारिया, अंकलेश्वर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के सचिव नीलेशभाई पटेल तथा अंकलेश्वर तालुका के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता डॉ. नितेंद्रसिंह देवधरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर अधिवेशन का शुभारंभ किया।
पत्रकार एकता परिषद द्वारा वर्ष 2026 को “पत्रकारों के परिवारों की चिंता का वर्ष” घोषित किया गया है। इस अभियान की शुरुआत भावनगर से हुई थी। संगठन द्वारा चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक जिले के पत्रकारों को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, 9 प्रकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, आवश्यक दस्तावेज एकत्र करने, पहचान पत्र तैयार करने तथा प्रत्येक पत्रकार तक सभी सुविधाएं पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। भरूच जिला अधिवेशन के आयोजन की जिम्मेदारी अंकलेश्वर टीम को सौंपी गई थी। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
मुख्य अतिथि मंत्री ईश्वरभाई पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। अतिथियों का शाल, सम्मान पत्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में तालुका पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, भाजपा संगठन के पदाधिकारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों तथा राजस्थान से पधारे अतिथियों का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री ईश्वरभाई पटेल ने कहा कि पत्रकार समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे अंतिम व्यक्ति तक सूचना पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार कई बार बिना किसी पारिश्रमिक के भी कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं और अपने स्वाभिमान तथा कर्तव्य के प्रति समर्पित रहते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले पत्रकारों के परिवारों की चिंता कौन करेगा, इसी उद्देश्य से परिषद ने वर्ष 2026 को पत्रकारों के परिवारों की चिंता का वर्ष घोषित किया है। उन्होंने बताया कि सरकार की किसी योजना का लाभ नहीं पाने वाले संगठन से जुड़े सभी पत्रकारों के परिवारों को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए संगठन पत्रकारों से एक भी रुपये का प्रीमियम नहीं लेता, बल्कि स्वयं प्रीमियम जमा कर बीमा रसीद और पहचान पत्र पत्रकारों तक पहुंचाने की व्यवस्था करता है। उन्होंने कहा कि भरूच जिले का यह अधिवेशन सफलता के नए आयाम स्थापित करने में सफल रहा। साथ ही प्रत्येक जिले में पत्रकारों के बैठने के लिए सरकारी भवन में एक कार्यालय उपलब्ध कराने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी गई।
महिला अध्यक्ष श्रीमती समीमबेन पटेल ने महिला पत्रकारों की संख्या बढ़ाने तथा समाज में महिलाओं की समस्याओं के प्रति जागरूक होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की विशेषता विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य कर रहे 10 पत्रकारों का सम्मान रही। इस अवसर पर कहा गया कि पत्रकार केवल कलम और कैमरे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज सेवा के माध्यम से भी आमजन के बीच अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका सम्मान पत्रकारिता जगत के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष अतुलभाई मुलाणी ने आभार व्यक्त किया। साथ ही जोन, जिला एवं तालुका स्तर के सभी पदाधिकारियों तथा बिना किसी पद के भी कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
देखे फोटो।





