सरसौल,कानपुर। देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर सरसौल कस्बा बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा। श्री शंकर दरबार एवं श्री खाटू श्याम मंदिर में शुक्रवार को बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया।
मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रंग-बिरंगे गुब्बारे, फूलों की मालाएं और मोर पंखों की सजावट देखते ही बन रही थी। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
पुजारियों ने बाबा का भव्य श्रृंगार किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद भक्तों ने केक काटकर बाबा का जन्मदिन मनाया। पूरा मंदिर परिसर “जय श्री श्याम, हारे के सहारे की जय” के जयकारों से गूंज उठा।
66 साल पुराने इस ऐतिहासिक शिव मंदिर में हुए इस आयोजन ने सभी का मन मोह लिया।
*निशान यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र*
जन्मोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण भव्य निशान यात्रा रही। मंदिर से शुरू हुई यात्रा कस्बे के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस मंदिर पहुंची।
यात्रा में सैकड़ों भक्त निशान उठाए, नाचते-गाते चल रहे थे। महिला, बुजुर्ग, युवा और छोटे-छोटे बच्चे भी यात्रा में शामिल हुए। रास्ते भर लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।




