सरसौल, कानपुर नगर। ऊषा पॉपुलर शिक्षा संस्थान में शुक्रवार को बाल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में फिक्की फ्लो (FICCI FLO) की चेयरपर्सन अंकिता गर्ग समेत विभिन्न संस्थाओं से जुड़ी हस्तियां पहुंचीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उपहार, चॉकलेट, ज्योमेट्री बॉक्स और अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में अंकिता गर्ग, मंजरी अग्रवाल, ऊषा अग्रवाल, शिखा वैघ कोहिमा, एलेन हाउस की ओर से अविनाश पांडेय और एमएसएमई से सरिता वाहेव शामिल हुईं। अतिथियों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें बाल दिवस की बधाई दी।
अतिथियों ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ने का अवसर देना जरूरी है। बच्चों को बेहतर शिक्षा, अच्छे संस्कार और समान अवसर मिलें, इसके लिए समाज और शिक्षण संस्थानों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा दिखाई। शिक्षकों ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में बताया। साथ ही देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन और बच्चों के प्रति उनके स्नेह से भी परिचित कराया।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षक विजय सैनी, एसएस प्रजापति, स्वप्निल विद्यार्थी, नैन्सी, प्रियांशी, विपिन तिवारी और रेहान सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया और बच्चों को उपहार वितरित करने के लिए उनका आभार जताया। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।




