कानपुर में महिला बॉक्सर की हत्या से सनसनी, हाईवे किनारे मिला था खून से लथपथ शव

0
51

कानपुर।महाराजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर महोली कोल्ड स्टोरेज मोड़ के पास मिले अज्ञात युवती के शव की पहचान महिला बॉक्सर मंतशा कुमारी (26) के रूप में हुई है। मंतशा जाजमऊ स्थित एक जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करती थीं। उनकी हत्या की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।

शनिवार दोपहर माता-पिता और परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां पिता प्रेम कुमार ने शव की पहचान अपनी बेटी मंतशा कुमारी के रूप में की। बेटी का शव देखते ही माता-पिता बदहवास हो गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका की मां संजना ने बताया कि मंतशा दीपावली की खरीदारी करने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों का आरोप है कि मंतशा की हत्या करने के बाद शव को हाईवे किनारे फेंक दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मंतशा उन्नाव जिले के गंगाघाट थाना क्षेत्र स्थित इखलाक नगर की रहने वाली थीं। शुक्रवार सुबह महाराजपुर थाना क्षेत्र में महोली कोल्ड स्टोरेज मोड़ के पास उनका शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ था। पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। युवती की हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here