कानपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए 116 केंद्र प्रस्तावित, 7 नवंबर तक होगा स्थलीय सत्यापन

0
37

कानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 के लिए कानपुर नगर में 116 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। केंद्र निर्धारण को लेकर विद्यालयों की ओर से प्राप्त आपत्तियों और प्रत्यावेदनों की अब स्थलीय जांच कराई जाएगी। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने संबंधित उप जिलाधिकारियों और अपर नगर मजिस्ट्रेटों को 7 नवंबर तक निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपदीय परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की ओर से ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से जिले में 116 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों के संबंध में विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से 28 अक्टूबर तक आपत्तियां एवं प्रत्यावेदन मांगे गए थे।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नए परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग और प्रस्तावित केंद्रों को संसाधनों की कमी के आधार पर निरस्त किए जाने से संबंधित आपत्तियों की मौके पर जाकर जांच की जाए। संबंधित अधिकारी शासनादेश में निर्धारित मानकों के अनुसार विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का सत्यापन करेंगे। इसके बाद अपनी निरीक्षण आख्या 7 नवंबर तक उपलब्ध कराएंगे।

आपत्तियों के निस्तारण के लिए 10 नवंबर को जनपदीय परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति की दोबारा बैठक होगी। इसमें नए परीक्षा केंद्र बनाए जाने अथवा प्रस्तावित केंद्रों को निरस्त किए जाने की मांग करने वाले संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राप्त सभी आपत्तियों और प्रत्यावेदनों पर शासनादेश में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार विचार किया जाएगा। स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट और संबंधित विद्यालयों का पक्ष सुनने के बाद जनपदीय समिति परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पर निर्णय लेगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here