सरसौल,कानपुर।महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित उषा पॉपुलर शिक्षण संस्थान में
शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ कानपुर के द्वारा एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान संस्थान के लगभग 14 होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें निःशुल्क स्टेशनरी किट भेंट की गई।
किट में कॉपी, कलम, पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स सहित पढ़ाई में जरूरी सभी सामान शामिल थे। क्लब का मकसद आर्थिक तंगी के कारण पिछड़ रहे मेधावी विद्यार्थियों को मदद देकर उनके सपनों को पंख देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य वी पी विद्यार्थी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में बदलाव की कुंजी है। जब समाज का सहयोग छात्रों को मिलता है तो वे बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। उन्होंने रोटरी क्लब के प्रयासों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रोटरी क्लब ऑफ कानपुर शौर्य के पदाधिकारियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए अनुशासन, समय की पाबंदी और मेहनत को सफलता का मूल मंत्र बताया। उन्होंने कहा कि स्टेशनरी देना मात्र एक जरिया है, असली उद्देश्य बच्चों के अंदर आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की जिद पैदा करना है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह रहा। मंच पर बुलाकर 14 मेधावियों को प्रशस्ति के साथ स्टेशनरी प्रदान की गई। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे। एक छात्रा ने कहा कि इस सहयोग से अब वह और मेहनत करके माता-पिता का नाम रोशन करेगी।
विद्यालय के शिक्षकों एस एस प्रजापति, विजय सैनी, श्याम सुन्दर द्विवेदी, विपिन तिवारी, हरिओम, स्वप्निल विद्यार्थी, प्रभा साहू, प्रियांशी, नैन्सी व अन्य ने भी इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि समाज और स्कूल के संयुक्त प्रयास से ही शिक्षा को मजबूती मिलती है।
समारोह के समापन पर विद्यालय परिवार ने रोटरी क्लब के पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। बड़ी संख्या में अभिभावक, क्लब सदस्य और छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ।




