उन्नाव।बांगरमऊ तहसील परिसर से आईसीडीएस विभाग के ‘संभव अभियान’ की जागरूकता रैली को जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान एक जुलाई से शुरू होकर तीन माह तक चलेगा, जिसका उद्देश्य कुपोषण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
अभियान में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों और छह वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण पर विशेष फोकस रहेगा।
नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, एनीमिया की रोकथाम और संतुलित आहार के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा से अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।
रैली के माध्यम से लोगों को कुपोषण मुक्त समाज और स्वस्थ मातृ-शिशु जीवन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में एसएसपी जयप्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार सहित आईसीडीएस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।




