उन्नाव।बांगरमऊ तहसील के अंतर्गत कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग पर हिन्दूपुर के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का शनिवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मार्ग की शीघ्र मरम्मत कर यातायात को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से सड़क की वर्तमान स्थिति, आवागमन में आ रही समस्याओं और मरम्मत कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए, आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त मार्ग के आसपास पर्याप्त पुलिस व्यवस्था और यातायात नियंत्रण बनाए रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए,जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सफीपुर आईपीएस दीपक यादव, उपजिलाधिकारी बांगरमऊ बृजमोहन शुक्ला और थानाध्यक्ष फतेहपुर-84 ज्ञानेंद्र कुमार सहित लोक निर्माण विभाग, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मार्ग की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।




