अग्निवीर बनकर देश सेवा को रवाना हुआ बौसर का निखिल,गांव में भव्य विदाई, ‘भारत माता की जय’ से गूंजा माहौल

0
39

सरसौल/ कानपुर, सरसौल विकासखंड स्थित, बौसर गांव निवासी निखिल का भारतीय सेना की अग्निवीर योजना में चयन हुआ है। प्रशिक्षण पर जाने से पहले गांव में उनके सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित हुआ। ग्रामीणों, मित्रों और परिजनों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बचपन से ही निखिल का सपना सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना था। उन्होंने यह लक्ष्य ऊषा पॉपुलर इंटर कॉलेज, बौसर से नर्सरी से इंटरमीडिएट तक पढ़ाई के साथ-साथ नियमित दौड़, व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या से हासिल किया। मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्हें अग्निवीर भर्ती में सफलता मिली।

विदाई के समय पूरा गांव देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ के उद्घोष के बीच युवाओं ने ढोल-नगाड़ों पर निखिल को कंधे पर बैठाकर गांव में घुमाया। बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया।

निखिल के पिता हरी प्रसाद और माता जय देवी ने इसे परिवार का सबसे बड़ा सम्मान बताया। निखिल पांच बहनों के इकलौते भाई हैं। परिवार ने खेती-किसानी कर उनकी तैयारी में पूरा सहयोग किया।

ऊषा पॉपुलर इंटर कॉलेज के संरक्षक रोटेरियन अमित झा, प्रधानाचार्य वीपी विद्यार्थी, शिक्षक विजय सैनी, प्रांजुल कुमार, एस.एस. प्रजापति व समस्त स्टाफ ने शुभकामनाएं दीं। मित्रों आशू, अविनाश, संस्कार, अक्षय, कौशल और आयुष ने शायरी से हौसला बढ़ाया:
_“पहली ज्वाइनिंग है तेरी, जज़्बा पुराना है, वर्दी मिली है आज, वतन से वादा निभाना है।”_


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here