अहमदाबाद। के नारोल थाना पुलिस ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को धमकाकर रुपये वसूलने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयूब शाह और रवि राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में वसूले गए ₹10,500 नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, चीरीपाल कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी बाइक से कोजी होटल चार रास्ता के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान रिक्शा में सवार दो व्यक्तियों ने उसे रोककर खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोप है कि दोनों ने कर्मचारी का आधार कार्ड चेक किया और उस पर मजदूरों को समय पर वेतन नहीं देने का आरोप लगाते हुए पुलिस केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने पहले ₹45,000 की मांग की और बाद में कर्मचारी के पास मौजूद ₹10,500 नकद लेकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर नारोल पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को धमकाते थे और उनसे रुपये वसूलते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में वसूली गई ₹10,500 की नकदी भी बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अयूब शाह के खिलाफ पहले से लूट, हत्या के प्रयास और छिनैती सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि रवि राजपूत के खिलाफ चोरी और मारपीट सहित पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल नारोल पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी पहले भी ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और क्या इस गिरोह से अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं।



