सरसौल,कानपुर।नौगवां गौतम गांव में मंगलवार को सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो शहीद शैलेंद्र कुमार के द्वितीय शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीआरपीएफ के आईजी एन.के. सिंह ने शहीद शैलेंद्र कुमार की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने शहीद के साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस दौरान शहीद की पत्नी कोमल, माता बिजला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों ने शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया तथा रिवर्स आर्म्स सलामी देकर सम्मान व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को याद किया।
ग्रामीणों ने कहा कि शहीद शैलेंद्र कुमार का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा और उनकी स्मृतियां सदैव गांव तथा क्षेत्र के लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।




