शिवली, कानपुर देहात। कोतवाली क्षेत्र के नुनारी बहादुरपुर गांव से करीब पौने दो वर्ष पूर्व लापता हुए 45 वर्षीय भगवत प्रसाद का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। उनकी तलाश में शिवली पुलिस के साथ सर्विलांस, एसओजी और साइबर टीम लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाल के नेतृत्व में कई टीमें संभावित स्थानों पर खोजबीन में जुटी हैं।
नुनारी बहादुरपुर गांव निवासी शिव प्रकाश पुत्र छानूलाल ने 29 नवंबर 2024 को शिवली कोतवाली में भगवत प्रसाद की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया गया कि भगवत प्रसाद 26 नवंबर 2024 की सुबह अपने भाई की ससुराल कमालपुर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों के अनुसार वह अक्सर कमालपुर आते-जाते रहते थे। वह मानसिक रूप से कमजोर बताए गए हैं।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस टीमों ने बाघपुर, शिवली, औनाहा, भेवान, मैथा बाजार, मैथा रेलवे स्टेशन और भाऊपुर रेलवे स्टेशन सहित कई स्थानों पर तलाश की। इसके अलावा कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर, उन्नाव, कन्नौज, हरदोई, फतेहपुर, औरैया और जालौन समेत आसपास के जिलों में भी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद के नेतृत्व में सर्विलांस, एसओजी और साइबर टीम को भी तलाश में लगाया गया है। टीमें संभावित स्थानों और विभिन्न माध्यमों से भगवत प्रसाद के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी हैं।
शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि भगवत प्रसाद की तलाश लगातार जारी है। उनकी बरामदगी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं और संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की जा रही है।




