कानपुर। ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व को लेकर कानपुर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान बिठूर समेत विभिन्न गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शुक्रवार को पुलिस कार्यालय सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने की।
बैठक में यातायात पुलिस, नगर निगम, जल संस्थान, केस्को, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं नगर पंचायत बिठूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
डीसीपी पश्चिम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, पार्किंग एवं ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा एवं अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और पर्व के दौरान लगातार निगरानी रखी जाए। डीसीपी पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने कहा कि गंगा दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।
Home CHIEF CORRESPONDENT VAIBHAV GUPTA गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट: चप्पे-चप्पे पर रहेगा पुलिस बल




