कानपुर। ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार बेकाबू कार ने सड़क पर कहर बरपा दिया। एल्गिन मिल गेट के पास कार ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर साइकिल से जा रहे मजदूर को रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल घाट निवासी घनश्याम (50) मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी सरिता, बेटियां सौम्या, मुस्कान, शिखा और बेटा अंशु हैं। भाई नीरज ने बताया कि घनश्याम मकबरा क्षेत्र में निर्माण कार्य में लगे थे। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह साइकिल से मसाला लेने जा रहे थे। इसी दौरान एल्गिन मिल गेट के पास भैरव घाट से ग्रीन पार्क की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर घनश्याम को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें हैलेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ग्वालटोली इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश की जा रही है और फुटेज के जरिए वाहन नंबर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।




