उन्नाव।जनपद में सड़क हादसे में 5 महिलाओं और एक ड्राइवर की मौत हो गई। मृतकों में देवरानी-जेठानी और उनकी 2 बेटियां के अलावा पड़ोसी महिला भी शामिल हैं। हादसे में एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया जबकि दो अन्य महिलाओं के शरीर टुकड़ों में बंट गए।
चीख-पुकार सुनकर लोग पहुंचे तो सड़क किनारे करीब छह फीट नीचे लाशों का ढेर पड़ा था, खून से सने अंग बिखरे पड़े थे। 2 बच्चों सहित 5 लोगों की हालत गंभीर थी। दरअसल, तेज रफ्तार बोलेरो ओवरटेक करने के चक्कर में आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया।
उसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने भी बोलेरो को ठोकर मार दी। दोनों ट्रकों के बीच फंसकर बोलेरो बुरी तरह कुचल गई। इसके बाद बोलेरो और पीछे चल रहा ट्रक सड़क किनारे छह फीट नीचे जाकर पलट गए।
बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे हुआ यह हादसा उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर बिहार थाना क्षेत्र में कीरतपुर गांव के पास का है। बोलेरो में 11 लोग सवार थे और चंडीदेवी मंदिर मुंडन के लिए जा रहे थे।
हादसे की जानकारी होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए अहेतुक सहायता का ऐलान किया है।
देखे फोटो।





