कानपुर। दक्षिण स्थित नगर निगम के जोन-5 जोनल कार्यालय में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों और अधिकारियों की अनदेखी से नाराज़ पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध स्वरूप कई पार्षद मार्ग प्रकाश विभाग के कक्ष में पहुंच गए और जेई आशुतोष की मेज पर बैठकर जोरदार नारेबाजी करने लगे।
वार्ड-51 बर्रा से बीजेपी पार्षद सुधीर यादव ने मेज पर बैठकर माइक से “मार्ग प्रकाश मुर्दाबाद” और “नगर आयुक्त होश में आओ” जैसे नारे लगाए। इस दौरान करीब 7 से 8 पार्षद धरने पर बैठे रहे और काफी देर तक कार्यालय परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही।
“जनता अंधेरे में, अधिकारी नहीं उठा रहे फोन”
पार्षद सुधीर यादव ने कहा कि उनके वार्ड में 200 से अधिक स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जबकि सचान गेस्ट हाउस से शास्त्री चौक तक मुख्य मार्ग पर महज 10 लाइटें ही जल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ साल से मार्ग प्रकाश विभाग से कोई ठोस काम नहीं हुआ और कई बार फोन करने के बावजूद जेई और अधिकारी कॉल तक रिसीव नहीं करते।
उन्होंने कहा, “मैं सत्ता पक्ष का पार्षद हूं, लेकिन जनता को क्या जवाब दूंगा? चुनाव में कैसे जाऊंगा?”
48 घंटे का अल्टीमेटम
पार्षदों ने जोनल अधिकारी से तत्काल समाधान की मांग की। पहले 24 घंटे का आश्वासन मिलने पर पार्षदों ने 48 घंटे का समय दिया और चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर नगर निगम मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। धरने के दौरान पार्षदों ने कर्मचारियों पर बिना ड्यूटी आए हाजिरी लगाने का भी आरोप लगाया। जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि पार्षदों से बातचीत हुई है और मार्ग प्रकाश से जुड़ी समस्याओं के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने माना कि कहीं न कहीं विभाग की कमी रही है, जिसे जल्द दूर किया जाएगा।




