25 हजार का इनामी लुटेरा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

0
14

फतेहपुर। चेन स्नेचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि 8 अप्रैल 2026 को कानपुर देहात के पुखरायां क्षेत्र निवासी प्रमिला देवी के साथ अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना चांदपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर धर्मवीर उर्फ राज लोधी उर्फ उगलेश निवासी फतेहपुर का नाम सामने आया, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
थाना चांदपुर और बिंदकी पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी ध्रुव उर्फ प्रहलाद के साथ वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
पुलिस आरोपी को बरामदगी के लिए मौके पर ले गई, जहां उसने छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी और उसे दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई चेन, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक, तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, धोखाधड़ी, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट समेत 24 मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना बिंदकी का हिस्ट्रीशीटर भी है।
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here