कानपुर।शुक्रवार को आज उत्तर प्रदेश संस्कृत बोर्ड द्वारा शैक्षिक सत्र 2025-26 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया,जिसमें मातृछाया गुरुकुलम् के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की। कुल 20 छात्रों ने परीक्षा दी, और सभी छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस वर्ष का सर्वोच्च अंक 80 प्रतिशत रहा,जिसे छात्र श्याम सुंदर तिवारी ने प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण व्याप्त हो गया। इस उल्लेखनीय सफलता के उपलक्ष्य में विद्यालय में एक संक्षिप्त सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं प्रोत्साहन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर आचार्य रविशंकर किंकर ने सभी छात्रों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत,अनुशासन और गुरुजनों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी निरंतर प्रयास करते हुए उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के चेयरमैन रोहित मिश्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्रों बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मातृछाया गुरुकुलम् शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के विकास पर विशेष ध्यान देता है, जिससे विद्यार्थी समाज में एक आदर्श नागरिक बन सकें। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी छात्रों को इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना करी।




