डी. पी. एस. कल्याणपुर में मासिक धर्म चक्र संबंधी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर कार्यशाला का आयोजन हुआ

0
6

कानपुर।डी. पी. एस. कल्याणपुर में न्यायार्थ सभा के सहयोग से पिंकिश फाउंडेशन द्वारा शुक्रवार को मासिक धर्म चक्र संबंधी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को मासिक धर्म चक्र के महत्व, स्वच्छता के सही तरीकों तथा इससे जुड़ी सामाजिक वर्जनाओं को दूर करने की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया गया।
यह कार्यशाला नवीन सीबीएसई दिशा निर्देशों तथा सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्णय के अनुरूप आयोजित की गई, जिसमें मासिक स्वच्छता को एक मौलिक अधिकार के रूप में स्वीकार करते हुए इस विषय को संवेदनशीलता एवं विवेकपूर्ण ढंग से संबोधित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया है। साथ ही, यह कार्यशाला सतत विकास लक्ष्यों की भावना के अनुरूप संपन्न की गई. जिसमें विशेष रूप से तृतीय सतत विकास लक्ष्य ‘उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण’ को केंद्र में रखा गया। इस लक्ष्य का मूल उद्देश्य प्रत्येक आयु वर्ग के लिए स्वस्थ जीवन सुनिश्चित करना तथा उनके समग्र शारीरिक,मानसिक एवं सामाजिक कल्याण को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के दौरान इस महत्वपूर्ण पहल की भी जानकारी दी गई,जिसके अंतर्गत विद्यालय में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित की गई है। इन मशीनों के माध्यम से छात्राएँ एक छोटे से शुल्क (कॉइन) के माध्यम से सेनेटरी पैड आसानी से प्राप्त कर सकती है। यह पहल छात्राओं के स्वास्थ्य,स्वच्छता एवं सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है,जो उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत एक इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया,जिसका संचालन अदिति गुप्ता एवं तनवीन कौर द्वारा किया गया। यह सत्र केवल तथ्यों की चर्चा तक सीमित नहीं रहा,बल्कि इसमें छात्राओं द्वारा अक्सर अनुभव की जाने वाली समस्याओं,उनके समाधान तथा मासिक धर्म चक्र के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों एवं परहेज पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस कार्यशाला ने छात्राओं को न केवल सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की,बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ इस विषय पर खुलकर संवाद करने तथा समाज में जागरूकता प्रसारित करने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रिचा प्रकाश ने कहा डी. पी. एस. कल्याणपुर सदैव ऐसे मंच प्रदान करने का प्रयास करता है,जहाँ शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर जीवनोपयोगी विषयों से भी जुड़ी हो। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सही जानकारी,वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से ही समाज में व्याप्त झिझक एवं भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है तथा एक स्वस्थ, संवेदनशील एवं जागरूक समाज का निर्माण संभव है। अंत में उन्होंने ऐसे सार्थक प्रयासों के लिए आयोजकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी पहलों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर डायरेक्टर डी. पी. एस. कल्याणपुर शाहिना अमीन ने पिंकीशे फाउंडेशन एवं न्यायार्थ सभा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की जागरूकता परक कार्यशालाएँ छात्राओं के स्वास्थ्य,गरिमा एवं आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने में व्यावहारिक रूप से सहायक सिद्ध होती है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here