उन्नाव।महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 15 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद उन्नाव एवं अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के कुशल निर्देशन में थाना कोतवाली सदर एवं महिला थाना की मिशन शक्ति टीम द्वारा पी.डी. नगर स्थित सेंट लॉरेंस इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति जागरूकता एवं साइबर पाठशाला कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।साइबर पाठशाला के अंतर्गत छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग और अन्य साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। छात्राओं को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना संबंधित हेल्पलाइन पर दें।कार्यक्रम में विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड लाइन), 108/102 (स्वास्थ्य सेवाएं) एवं 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने समझाया कि इन नंबरों का उपयोग कर छात्राएं किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।




