कानपुर।के सरसौल ब्लॉक के फुफवार गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भारत सरकार के खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक और वैचारिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई। ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों ने अंबेडकर प्रतिमा स्थल और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके बाद आयोजित वैचारिक गोष्ठी में वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष, उनके सिद्धांतों और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अंबेडकर के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।
कार्यक्रम में नरवल क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव और ग्राम प्रधान कुर्बान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और लोगों को शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलकर ही एक मजबूत और समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में गांव में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंबेडकर के जयकारों के साथ निकली इस रैली ने पूरे क्षेत्र में जागरूकता का संदेश फैलाया।
इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा रमेश कुशवाहा, योगेंद्र कुशवाहा, चेतन कुशवाहा, फूल सिंह, ‘मेरा युवा भारत’ से हिमांशु कुमार मिश्रा, सतीश यादव, ऋषभ गुप्ता, सुधीर शर्मा, प्रांजल शुक्ला, आकांक्षा शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग एवं युवा मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
देखे फोटो।





