बांगरमऊ, उन्नाव।नगर के मोहल्ला खत्रियाना में विद्वान आचार्य पंडित रामदेव शास्त्री ने आज प्रथम दिवस पर प्रातः भव्य पांडाल मे वेद मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश जी का पूजन-अर्चन कराया। यजमान आलोक रस्तोगी और उनकी धर्मपत्नी सीता रस्तोगी ने भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजन किया। तत्पश्चात श्रद्धालु भक्तों द्वारा भगवान गणेश जी की प्रथम महा आरती की गई। मध्यकालीन बेला में बसारी वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक पंडित रूद्र कृष्णा महाराज के मुखारविंद से गणेश भगवान जी की पावन कथा प्रस्तुत की गई।
इसके अलावा कोतवाली गेट पर यजमान कौशल बाजपेई द्वारा भी भगवान गजानन स्थापित किए गए। जहां आचार्य प्रवीण दीक्षित ने गणपति बप्पा का पूजन कर आरती की गई और भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही नगर में कई प्रमुख स्थलों पर गजानन महाराज का सात दिवसीय महोत्सव आज से शुरू हो गया है। आगामी 2 सितंबर दिन मंगलवार को विशाल शोभा यात्रा एवं नगर भ्रमण का आयोजन किया जाएगा।

