अहमदाबाद के कृष्णानगर इलाके में खुद को पुलिसकर्मी बताकर आए तीन ठगों ने गुरुद्वारे में दर्शन करने जा रही 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने सुरक्षा का हवाला देकर महिला से सोने के जेवर उतरवाए और करीब 2.90 लाख रुपये कीमत के गहने लेकर दो बाइकों से फरार हो गए। घटना के संबंध में महिला ने कृष्णानगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस का पहचान पत्र दिखाकर जीता भरोसा
कृष्णानगर के नयननगर स्थित चिंतन फ्लैट में रहने वाली 68 वर्षीय रतनबेन चेलाणी 8 नवंबर को दिवाली के अवसर पर सुबह शनि मंदिर के पास स्थित गुरुद्वारे में दर्शन करने जा रही थीं। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए तीन अज्ञात लोगों में से एक ने महिला के पैर छूकर कहा कि उन्हें एक व्यक्ति बुला रहा है। इसके बाद उन्हें कुछ दूरी पर खड़े दूसरे व्यक्ति के पास ले जाया गया। वहां मौजूद व्यक्ति ने पुलिस का पहचान पत्र दिखाते हुए खुद को पुलिसकर्मी बताया और सुरक्षा का हवाला देकर महिला से अपने गहने उतारकर कागज में रखने को कहा।
सात तोले के जेवर लेकर दो बाइकों से हुए फरार
आरोपियों की बातों में आकर रतनबेन ने अपने करीब सात तोले सोने के जेवर उतारकर कागज में रख दिए और उन्हें सौंप दिए। इन जेवरों की कीमत लगभग 2.90 लाख रुपये बताई गई है। गहने हाथ लगते ही तीनों आरोपी कुछ ही देर में दो बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। ठगी का एहसास होने पर बुजुर्ग महिला ने कृष्णानगर पुलिस थाने पहुंचकर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।




