घनी आबादी के बीच अवैध पटाखों का भंडारण करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

0
34

कानपुर।त्योहारों के मद्देनजर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिल्हौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घनी आबादी वाले इलाकों में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अलग-अलग स्थानों पर रखे कुल 12 बक्से अवैध आतिशबाजी और विस्फोटक पटाखे बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने बिल्हौर कस्बे में सिंह वाहिनी मंदिर के पास छापेमारी कर हर्षित गुप्ता उर्फ रौनक पुत्र अजय गुप्ता निवासी मोहल्ला लक्ष्मीबाई नगर, कस्बा व थाना बिल्हौर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से आठ पेटियों में विभिन्न प्रकार के अवैध पटाखे बरामद हुए।

वहीं, दूसरी कार्रवाई ग्राम उत्तरी में की गई। यहां उत्तरी बंबा के पास से पुलिस ने सावन राठौर उर्फ वेदप्रकाश पुत्र अशोक राठौर निवासी ग्राम उत्तरी, थाना बिल्हौर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चार पेटियों में अवैध आतिशबाजी और विस्फोटक पटाखे बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बिना वैध लाइसेंस और अनुमति के अत्यधिक ज्वलनशील पटाखों का भंडारण रिहायशी इलाकों में कर रहे थे। ऐसी स्थिति में आग लगने या विस्फोट होने पर आसपास रहने वाले लोगों की जान-माल को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका थी।

इस मामले में थाना बिल्हौर में हर्षित गुप्ता के खिलाफ मुकदमा संख्या 307/26 तथा सावन राठौर के खिलाफ मुकदमा संख्या 306/26 दर्ज किया गया है। दोनों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5/9बी और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत कार्रवाई की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त पश्चिम के निर्देशन में, अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त बिल्हौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुधीर कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कपिल कुमार, शुभम देशवाल, अमित सिंह, मोहित यादव, प्रदीप कुमार पाल सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here