कानपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना कल्याणपुर क्षेत्र में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने किया।
इस दौरान पुलिस बल ने प्रमुख मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की गहनता से जांच की। आने-जाने वाले वाहनों को रोककर चेकिंग की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। डीसीपी पश्चिम ने मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस की कार्रवाई का निरीक्षण किया।
पुलिस उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में लगातार सतर्कता बनाए रखी जाए। नियमित गश्त के साथ प्रमुख स्थानों पर प्रभावी चेकिंग की जाए और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।




