श्रावण मास के प्रथम दिवस पर परमेश्वर धाम जंगलेश्वर महादेव आश्रम में विशाल भंडारे का आयोजन

0
46

कानपुर। पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिवस पर मोहम्मदपुर रोड, वंशी कॉलेज के पास स्थित परमेश्वर धाम जंगलेश्वर महादेव आश्रम, बिठूर में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना को लेकर दोपहर 3 बजे से शुरू हुए इस भंडारे में देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महादेव के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात मंगलामुखी मन्नत मां द्वारा कन्याओं को भंडारे का प्रसाद ग्रहण कराकर आयोजन का शुभारंभ किया गया। बाद में आम श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस पावन धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूज्य संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम परमहंस स्वामी शिवानन्द सरस्वती जी महाराज एवं जूना अखाड़ा की नागा साधु महालक्ष्मी नंदगिरि (मंगलामुखी मन्नत जी) की गरिमामयी उपस्थिति एवं देखरेख में शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ। संतों ने श्रद्धालुओं को श्रावण मास के धार्मिक महत्व की जानकारी देते हुए आशीर्वचन प्रदान किए।

आयोजन के दौरान आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दोपहर से ही “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध बैठाकर व्यवस्थित रूप से प्रसाद वितरित किया गया। बिठूर एवं आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने महादेव का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

आश्रम प्रबंधन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सेवादारों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पनकी महंत कृष्णदास जी महाराज, मनोजानंद (गोल्डन बाबा), शोभन सरकार महंत, अलख अखाड़ा श्री गुरु गोरखनाथ के महामंडलेश्वर शारदा चरण अनुरागी, श्री 1008 आशुतोष नाथ जी महाराज, योग योगेश्वरी जूना अखाड़ा की महामंडलेश्वर नेहा मां, मंजू मां, तमन्ना, मुस्कान, मनोरमा, मनीषा, मारुति कपूर, हीना रानी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here