अहमदाबाद। शहर के रानीप क्षेत्र में सड़क दुर्घटना से जुड़े एक मामले में कथित रूप से कार्रवाई प्रभावित करने के लिए ₹10 हजार की रिश्वत मांगने वाले ट्रैफिक पुलिस के एक ASI को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले के सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानीप में हुई एक दुर्घटना की जांच एल डिवीजन ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के ASI मुकेशजी राजपूत के पास थी। आरोप है कि दुर्घटना से संबंधित व्यक्ति के वकील से मामले में कोई कानूनी कार्रवाई न करने और शिकायत को समाप्त करने के बदले ₹10 हजार की रिश्वत मांगी गई थी।
बताया जा रहा है कि वकील ने रिश्वत देने के बजाय ACB से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर ACB ने योजना बनाकर कार्रवाई की। तय स्थान पर जैसे ही आरोपी ASI ने ₹10 हजार की रिश्वत स्वीकार की, ACB की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
ACB ने आरोपी ASI के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि इस पूरे प्रकरण में ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भी कोई भूमिका है या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, एल डिवीजन ट्रैफिक पुलिस स्टेशन से जुड़े कुछ अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है, जिनमें लक्ज़री बसों को कथित रूप से दी जाने वाली अनुमति से संबंधित पहलुओं को भी शामिल किया गया है। ACB सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।




