उन्नाव।क्षेत्राधिकारी विनी सिंह की अध्यक्षता में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक “बहू-बेटी सम्मेलन” का आयोजन चौपाल के रूप में थाना कोतवाली सदर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सिंगरोशी मे किया गया। कार्यक्रम में डा0 आशीष श्रीवास्तव प्रभारी परिवार परामर्श समिति व ग्राम के पूर्व सभासद राकेश एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर श्री चंद्रकान्त मिश्रा, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती रेखा सिंह, महिला उ0नि0 मीना कुमारी पिंक बुथ इंचार्ज व पुलिस टीम उपस्थित रही। सम्मेलन में सास, बहू, ननद, भाभी, मां, बेटियों एवं छात्राओं सहित ग्राम सभा के सम्मानित नागरिकों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाया।चौपाल के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को पारिवारिक संबंधों में प्रेम, सम्मान एवं आपसी विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं द्वारा बताया गया कि परिवार की बहू को सदैव बेटी के समान सम्मान एवं स्नेह दिया जाना चाहिए तथा बहू और बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। साथ ही बहुओं को भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सास को मां के समान सम्मान देने तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मधुर संबंध बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।




