भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में माढ़ापुर गाँव में लगी चौपाल विधायक श्री कांत कटियार ने की शिरकत

0
61

बांगरमऊ,उन्नाव।केंद्र की भाजपा सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बीते बुधवार की रात क्षेत्र के ग्राम माढ़ापुर में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विधायक श्रीकांत कटियार ने दावा किया कि रक्षा के मामले में भारत आत्मनिर्भर ही नहीं हुआ है, बल्कि आज भारत अन्य देशों को हथियारों का निर्यात भी कर रहा है।
चौपाल में विधायक श्री कटियार ने प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि,आयुष्मान, कन्या सुमंगला, मातृ वंदन, निःशुल्क राशन वितरण व ग़रीब परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस आदि सहित करीब दो दर्जन जनकल्याणकारी योजनाओं की फेहरिस्त पेश की। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के पूर्व बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर के संविधान के अनुरूप देश की गरीब , शोषित व पीड़ित जनता को न्याय नहीं मिल सका। आतंकवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण की नीतियों के चलते देश में चारों तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ था। विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आज देश की जनता राहत महसूस कर रही है और करोड़ों परिवार गरीबी रेखा से ऊपर उठकर देश की मुख्य धारा में शामिल हुए हैं। इसी प्रकार प्रदेश की योगी सरकार मात्र 5 साल के अंदर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के सपने को साकार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के जरिए ग़रीब परिवारों और बुजुर्गों तथा कर्मचारियों को 5 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज का प्रावधान किया गया है।
चौपाल में समग्र विकास परियोजना, समाज कल्याण विभाग, मातृवंदन योजना, कृषि विकास, पंचायती राज विभाग, लघु सिंचाई, सबको राशन, सबको पोषण व बेसिक शिक्षा विभाग आदि द्वारा स्टाल लगाकर आम जनता को इन योजनाओं से लाभ की जानकारी दी गई। चौपाल की अध्यक्षता ग्राम प्रधान विजयपाल कुशवाहा तथा संचालन ग्राम विकास अधिकारी रोहित सिंह ने किया। चौपाल में चिकित्साधीक्षक डॉ मुकेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी देवेन्द्र सिंह, एडीओ पंचायत दीपकांत चोला, एडीओ सहकारिता श्याम सिंह, सचिव रणकेंद्र सिंह, एडीओ समाज कल्याण अभिलाष सिंह व वृंदावन राठौर आदि अधिकारियों के अलावा ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अर्जुन लाल दिवाकर, पप्पू त्रिवेदी, ज्ञानेश द्विवेदी, कृष्णावतार मिश्रा, अनिल कुमार द्विवेदी निल्लू , शिवकुमार पाल कोटेदार व राजेश कुशवाहा सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।
ग्राम माढ़ापुर निवासी राजेश कुशवाहा ने विधायक श्री कटियार से शिकायत दर्ज कराई कि वह भूमिहीन है और स्वयं का ई-रिक्शा चलाकर किसी तरह अपने परिवार के लिए बमुश्किल दो जून की रोटी मुहैया कर पा रहा है। किंतु गांव में बिजली मात्र तीन-चार घंटे आ रही है और कभी-कभी तो कई दिनों तक विद्युत आपूर्ति ठप्प रहती है। ऐसी स्थिति में उसका ई-रिक्शा चार्ज ना हो पाने से उसकी रोजी-रोटी ठप्प होने की कगार पर आ पहुंची है। विधायक श्री कटियार ने बिजली की समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
चकबंदी विभाग से पीड़ित राजकुमार , धर्मेन्द्र, छोटेलाल गौतम, विजयपाल कुशवाहा व पिंटू कुशवाहा सहित करीब एक दर्जन काश्तकारों ने विधायक श्री कटियार से शिकायतों की झड़ी लगा दी। इसपर श्री कटियार ने कहा कि वह चकबंदी विभाग से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए अलग से किसी दिन चौपाल लगाएंगे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here