हीटवेव में गर्भवती महिलाएं रहें बेहद सावधान, डिहाइड्रेशन से गर्भस्थ शिशु को खतरा डॉ. आफताब अहमद

0
21

उन्नाव ।उत्तर प्रदेश में पड़ रही प्रचंड गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गायनोलॉजिस्ट डॉक्टर आफताब अहमद ने आम नागरिकों एवं विशेषकर गर्भवती महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है।
डॉ. आफताब अहमद ने बताया कि लगातार तापमान 42°C से ऊपर रहने के कारण हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ रहे हैं। लू लगने पर शरीर का तापमान 104°F से ऊपर चला जाता है और मरीज को सिरदर्द, उल्टी, चक्कर, बेहोशी जैसे लक्षण आते हैं। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा हो सकता है।
गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष एडवाइजरी
डॉ. आफताब अहमद ने कहा कि गर्भावस्था में महिलाओं का शरीर पहले से संवेदनशील होता है। हीटवेव का असर मां और गर्भ में पल रहे शिशु दोनों पर पड़ता है।

गर्भवती महिलाएं इन 6 बातों का रखें विशेष ध्यान
1. घर से न निकलें: सुबह 10 से शाम 5 बजे तक धूप में बिल्कुल न निकलें। डॉक्टर चेकअप भी सुबह जल्दी या शाम को कराएं।
2. हाइड्रेशन सबसे जरूरी रोजाना 4 से 5 लीटर तरल पदार्थ लें। केवल सादा पानी नहीं, बल्कि नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ भी लें। पेशाब का रंग गहरा पीला है तो पानी की कमी का संकेत है।
3. डिहाइड्रेशन के संकेत पहचानें: अत्यधिक थकान, चक्कर आना, मुंह सूखना, पेशाब कम आना, सिरदर्द या पेट में अकड़न होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
4. दवाओं का समय आयरन और कैल्शियम की गोलियां खाली पेट न लें, हमेशा भोजन के बाद लें। खाली पेट लेने से उल्टी हो सकती है जिससे डिहाइड्रेशन बढ़ेगा।
5. आराम करें: दोपहर के समय आराम करें। रसोई जैसे गर्म स्थानों पर ज्यादा देर तक काम न करें। पैरों के नीचे तकिया रखकर लेटें ताकि सूजन न हो।
6. शिशु की हलचल पर नजर गर्मी और पानी की कमी से गर्भ में शिशु की हलचल कम हो सकती है। यदि 2 घंटे में 10 बार से कम हलचल महसूस हो तो तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखाएं।

डॉ. आफताब अहमद की चेतावनी: गर्भावस्था में हीट स्ट्रोक से समय पूर्व प्रसव, शिशु का वजन कम होना, और गंभीर मामलों में गर्भपात तक का खतरा रहता है। इसलिए कोई भी लक्षण दिखने पर लापरवाही न बरतें।

अपील
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ में हीटवेव से संबंधित इमरजेंसी के लिए 24×7 सुविधा उपलब्ध है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचें।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here