उन्नाव।थाना फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के अंतर्गत चौधरी खेड़ा नहर पुलिया के पास देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए,स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सफीपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शुभम शुक्ला 20 पुत्र कौशलेंद्र शुक्ला निवासी गौरिया कला और शिवमोहन द्विवेदी पुत्र विजय प्रताप द्विवेदी निवासी बालामऊ के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से उन्नाव जा रहे थे और निजी नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
बताया गया कि शुभम शुक्ला दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका था, जिसके बाद वह परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। वहीं शिवमोहन द्विवेदी जिसकी उम्र 31 वर्ष की थी तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था,हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।




