अवैध संबंधों के जाल और धमकी से परेशान होटल कर्मचारी ने दी जान, सुसाइड से पहले बहन को भेजा वीडियो

0
41

सरसौल,कानपुर। महाराजपुर क्षेत्र में एक होटल कर्मचारी ने कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के दौरान हैलट अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और कथित अवैध संबंधों से उपजा तनाव बताया जा रहा है। मूल रूप से लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के पलैंधा, ईंटगांव निवासी आकाश (23) पिछले छह वर्षों से महाराजपुर स्थित एक होटल में काम कर रहा था। शनिवार को उसने होटल के कमरे में लस्सी में सल्फास मिलाकर पी लिया। हालत बिगड़ने पर साथियों ने उसे तत्काल हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रविवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, युवक के अपनी मामी के साथ पिछले करीब डेढ़ साल से कथित अवैध संबंध थे। इसकी जानकारी होने पर मामा ने काकोरी थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसके बाद मामा लगातार उसे फोन कर धमका रहे थे, जिससे वह मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले युवक ने सल्फास लस्सी में मिलाते हुए एक वीडियो भी बनाया और उसे अपनी बहन को व्हाट्सऐप पर भेज दिया। घटना के बाद होटल संचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल भिजवाया गया। महाराजपुर थाना प्रभारी के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here